जय नगर में श्री आदर्श रामलीला समिति का भव्य शुभारंभ

जय नगर में श्री आदर्श रामलीला समिति का भव्य शुभारंभ

प्रथम दिन की तालीम में 17 कलाकारों ने दिखाया अभिनय कौशल, 28 अक्टूबर से 6 नवंबर तक होगा 10 दिवसीय रामलीला मंचन

रुद्रपुर/जय नगर। सनातन धर्म और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से जय नगर-4 स्थित डिवाइन कॉम्प्लेक्स के तृतीय तल पर ‘ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन’ के तत्वावधान में ‘श्री आदर्श रामलीला समिति’ का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत पंडित भैरव दत्त उपाध्याय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गणेश पूजन कर श्री राम दरबार की स्थापना से कराई। इसके बाद भगवान श्री राम, संकटमोचन हनुमान और न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज की आरती की गई। मातृशक्ति द्वारा ढोलक, हारमोनियम और तबले की संगत में प्रस्तुत भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

समिति की ओर से 28 अक्टूबर से 6 नवंबर तक 10 दिवसीय भव्य रामलीला मंचन का संकल्प लिया गया है। आयोजन को लेकर क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों में उत्साह देखने को मिल रहा है। शुभारंभ के बाद हुई प्रथम दिन की तालीम में 17 कलाकारों ने अभिनय का प्रदर्शन किया।

रामलीला का निर्देशन पूर्व सैनिक एवं निर्देशक कल्याण सिंह कर रहे हैं। वे कलाकारों को मंचन के लिए तैयार करने में जुटे हैं, ताकि रामलीला को अधिक प्रभावी और जीवंत बनाया जा सके।

स्थानीय कलाकारों को मिलेगा प्राथमिकता

समिति ने स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत रामलीला के 80 प्रतिशत पात्र छतरपुर से दिनेशपुर क्षेत्र के स्थानीय कलाकारों में से चुने जाएंगे। वहीं आवश्यकतानुसार शेष 20 प्रतिशत कलाकार रुद्रपुर, हल्द्वानी, बरेली और आसपास के क्षेत्रों से आमंत्रित किए जाएंगे।

आयोजन की तैयारियों के तहत प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक तालीम और बैठकें आयोजित की जा रही हैं। वहीं 28 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच सर्वसम्मति से समिति की मुख्य कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा।

समिति ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन से जुड़ने और सहयोग करने का आह्वान किया है।

इस अवसर पर डिवाइन कॉम्प्लेक्स एवं स्वर्णिका ज्वैलर्स के स्वामी नागेंद्र चंद्र भट्ट, पूजा भट्ट, समिति संयोजक दीपक पांडे, ड्रीमर्स केयर फाउंडेशन की संस्थापक ममता पांडे, सरिता गोस्वामी, हंसा पांडे, बबली गोस्वामी, दीपा खनका, किरन रौथाण, आरती, समाजसेवी सुमित पांडे, दिनेश पंत, राजेन्द्र जोशी, प्रकाश चंद, प्रकाश चंदोला, चारू पांडे, गिरधर कारकी, जसपाल सिंह बिष्ट, अरुण सलवासी, आनंद सिंह असगोला, शंकर नगरकोटी, नीरज आगरी, गोविंद रौतेला, दीपक नेगी, प्रताप सिंह भंडारी, कृष्णा कांडपाल, नवीन शर्मा, बसंत जोशी, हरीश पांडे, दिनेश पांडे और रघुवीर भंडारी सहित बड़ी संख्या में रामभक्त उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *